‘वे कांग्रेस वाले गांधी परिवार से बाहर नहीं सोच सकते’: सीएम नायब सैनी

चंडीगढ़.

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जैसे भाजपा का विजय रथ आगे बढ़ रहा है, ऐसे ही नव निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इस रथ को और अधिक तेज गति से आगे बढ़ाने का काम करेंगे। निर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके पास प्रशासनिक व संगठनात्मक दोनों अनुभव हैं।

उन्होंने अलग-अलग पदों पर कार्य किया है। बिहार राज्य में पांच बार विधायक निर्वाचित हुए। बिहार सरकार में मंत्री बने। उनके इस प्रशासनिक अनुभव का लाभ भारतीय जनता पार्टी को मिलेगा।

सीएम नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर कसा तंज
मुख्यमंत्री ने याद कराया कि प्रधानमंत्री ने 15 अगस्त को लाल किले से कहा था कि आने वाले समय में एक लाख युवाओं को राजनीति में लाने का काम करेंगे। नए अध्यक्ष की नियुक्ति इसका परिणाम है। भाजपा में साधारण परिवार का व्यक्ति भी ऊंचे पद पर पहुंच सकता है। कांग्रेस और अन्य राजनीतिक दलों में ऐसा नहीं है, वहां परिवारवाद है। पीढ़ी दर पीढ़ी एक ही परिवार का व्यक्ति पार्टी की कमान संभालता है। ऐसी पार्टियों की राजनीति अब देश की जनता भी समझने लगी है।
नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर तंज कसा और कहा कि कांग्रेस तो गांधी परिवार से बाहर नहीं सोच सकती। कांग्रेस में आम व्यक्ति का कहीं भविष्य नहीं है। वहां तो छोटी-छोटी टोलियां हैं। उनका भविष्य अंधकारमय है। भाजपा संगठनात्मक पार्टी है, कोई भी कार्यकर्ता कहीं भी काम कर सकता है। उसके काम की गिनती होती है।

पदभार ग्रहण कार्यक्रम में ये नेता रहे शामिल
मुख्यमंत्री अपनी कैबिनेट के कई साथियों और भाजपा पदाधिकारियों के साथ भाजपा मुख्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में शामिल होने के बाद हरियाणा भवन में मीडिया से बात कर रहे थे। पदभार ग्रहण कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल, राव इंद्रजीत सिंह, कृष्णपाल गुर्जर, भाजपा संसदीय समिति की सदस्य डॉ. सुधा यादव, हरियाणा भाजपा के प्रभारी डॉ. सतीश पुनिया, अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली, हरियाणा के कई मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहे। इस दौरान विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार और सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा मौजूद रहे।

'पार्टी को नई उर्जा के साथ आगे ले जाएंगे नवीन'
हरियाणा के उर्जा तथा परिवहन मंत्री अनिल विज ने अध्यक्ष निर्वाचित होने पर नितिन नवीन से मिलकर बधाई दी। बाद में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाला समय युवाओं का है। नितिन नवीन युवा हैं और वह पार्टी को और बेहतर स्थिति तक ले जाएंगे। वह संघर्ष के साथ राजनीति में आगे बढ़े हैं। भाजपा ही एक ऐसी पार्टी जो अपने कार्यकर्ता को पार्टी के साथ निष्ठा से काम करते हुए देखकर आगे बढ़ाती है।

हरियाणा में मनाया गया बूथ उत्सव
नितिन नवीन को भाजपा चुनाव समिति ने पार्टी का राष्ट्रीय जैसे ही घोषित किया, पूरे हरियाणा के बूथों पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्सव मनाना आरंभ कर दिया। अधिकतर बूथों पर लाइव कार्यक्रम दिखाने के लिए टीवी स्क्रीन लगाई गई थी। पदभार ग्रहण हो जाने के बाद कार्यकर्ताओं ने एक दूसरे को मिठाई खिलाने के बाद खुशी मनाई। हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष मोहन लाल बडौली ने बताया कि कई जगहों पर ढोल की थाप पर नृत्य करने का नजारा देखने को मिला।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button